जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अमरेंद्र कुमार दास ने बताया कि विगत दिवस जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सिवनी में ईसीएचएस मोबाइल चिकित्सा इकाई जबलपुर द्वारा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।उन्‍होंने बताया कि शिविर में चिकित्सक डॉ. शिवम् खेत्रपाल एवं तीन चिकित्सा सहायकों की टीम ने 24 से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।इस मोबाइल चिकित्सा इकाई का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को गृह जिले में ही पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के माध्यम से चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में सिवनी जिले में ईसीएचएस की स्थायी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को उपचार के लिए नागपुर अथवा जबलपुर जाना पड़ता है।इसी असुविधा को देखते हुए सिवनी जिले में मोबाइल चिकित्सा इकाई की सेवाएं प्रारंभ की गई हैं, जिससे पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। शिविर के सफल आयोजन के पश्चात मोबाइल चिकित्सा इकाई की टीम बालाघाट जिले के लिए रवाना हुई।