जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के तहत हरदा, खिरकिया एवं टिमरनी विकासखंड स्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया गया है। प्रत्येक उड़नदस्ते की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करेंगे। इन दलों में तहसीलदार, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, विकासखंड चिकित्सा एवं शिक्षा अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, थाना प्रभारी, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं चाइल्ड लाइन के सदस्य शामिल रहेंगे। मध्यप्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के 23 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के निर्देशानुसार गठित ये उड़नदस्ते अपने-अपने क्षेत्र में बाल विवाह की रोकथाम के लिए सतत निगरानी रखेंगे। विशेष रूप से देवउठनी एकादशी के अवसर पर होने वाले सामूहिक विवाह आयोजनों पर नजर रखी जाएगी। आदेश के अनुसार उड़नदस्ते सामूहिक विवाह आयोजनों में वर-वधु की आयु संबंधी प्रमाण-पत्रों का परीक्षण करेंगे। यदि किसी वर या वधु की निर्धारित आयु से कम आयु पाई जाती है, तो संबंधित दल बाल विवाह रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करेगा। देवउठनी एकादशी पर बाल विवाह की शिकायत मिलने पर दल सामूहिक रूप से विवाह स्थल पर पहुंचकर जांच करेगा तथा बाल विवाह की पुष्टि होने पर अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बाल विवाह में सहयोग करने वालों पर भी होगी कार्रवाई आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बाल विवाह कराने, प्रोत्साहित करने अथवा उसमें सहयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इसमें विवाह कराने वाले पक्षों के साथ रसोइया, नाई, धर्मगुरु, समाज के मुखिया, टेंट संचालक, विवाह पत्रिका छापने वाले, ब्यूटी पार्लर संचालक सहित अन्य सहयोगी भी शामिल हैं। विवाह आयोजन की अनुमति के लिए आयु संबंधी शर्त अनिवार्य सामूहिक विवाह आयोजनों की अनुमति देते समय संबंधित अनुविभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि वर की आयु 21 वर्ष से कम तथा वधु की आयु 18 वर्ष से कम न हो। निर्धारित आयु संबंधी शर्तों का पालन सुनिश्चित होने पर ही आयोजन की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए गठित उड़नदस्ते सक्रिय रूप से कार्य करेंगे तथा बाल विवाह की किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

