जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) न्यास मंडल की बैठक में लिए गए निर्णय के परिपालन में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में नियमित रूप से अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों की पहचान एवं आवश्यक उपकरणों की जानकारी संकलित करने हेतु सर्वेक्षण कराया जा रहा है।

उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला सीधी द्वारा जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों के प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी संस्था में अध्ययनरत सभी श्रेणी के दिव्यांग विद्यार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराएं। सर्वेक्षण से संबंधित प्रमाणीकृत जानकारी निर्धारित प्रारूप में तीन दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जा सकें।

सर्वेक्षण में देनी होगी यह जानकारी

निर्धारित प्रपत्र में विद्यार्थी का नाम, पिता अथवा अभिभावक का नाम, शैक्षणिक संस्था का नाम एवं कक्षा, दिव्यांगता का प्रकार एवं प्रतिशत, आवश्यक कृत्रिम अंग अथवा सहायक उपकरण का नाम तथा संपर्क मोबाइल नंबर की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा।

यहां उपलब्ध कराएं सर्वेक्षण की जानकारी

संस्था प्रमुख अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि सर्वेक्षण सूची प्रमाणित कर कार्यालय उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, कलेक्ट्रेट परिसर सीधी में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अधिकृत कर्मचारियों को दूरभाष अथवा विभागीय ईमेल के माध्यम से भी जानकारी प्रेषित की जा सकती है- शिवांशु शुक्ला, ट्रांसडिसिप्लिनरी विशेष शिक्षक – 9713770381, विपिन तिवारी, सहायक ग्रेड-3 – 9630541210 तथा विभागीय ईमेल – ddrcsidhi@gmail.com।

जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों एवं छात्रावास अधीक्षकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कर प्रमाणीकृत जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे कोई भी पात्र दिव्यांग विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा एवं दैनिक गतिविधियों में सहायक आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।