कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे के निर्देशन में जिले में 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक 60 दिवसीय राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण, जनजातीय कार्य तथा सामाजिक न्याय विभाग के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, तंबाकू सेवन के विरुद्ध जनजागरूकता विकसित करने और तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
शैक्षणिक संस्थानों में होंगी जागरूकता गतिविधियां
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता रैली, तंबाकू मुक्त रहने की शपथ तथा निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान में तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थानों तथा तंबाकू मुक्त ग्रामों की अवधारणा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ निर्धारित गतिविधियां संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सार्वजनिक स्थानों पर होगी निगरानी, उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों के पालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कोटपा अधिनियम, 2003 की धारा 4, 6(क) एवं 6(ख) के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों के अनुपालन के लिए सघन निरीक्षण किया जाएगा तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध सहित अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के पालन को सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के माध्यम से तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
नशा मुक्ति परामर्श सेवाओं को किया जाएगा सुदृढ़
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को प्रभावी बनाना है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित नशा मुक्ति परामर्श केंद्रों को भी सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि तंबाकू सेवन छोड़ने के इच्छुक लोगों को आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने बताया कि अभियान के लिए सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने नागरिकों, युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
26 दिसंबर तक चलेंगी जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां
राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ 28 अक्टूबर को होगा। इसके बाद 26 दिसंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में जागरूकता, निरीक्षण एवं प्रवर्तन संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सात विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले में तंबाकू सेवन के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने तथा शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्रामों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
