पशुपालन एवं डेयरी विभाग मध्यप्रदेश द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के घटक का नाम परिवर्तन कर गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना किया गया है। यह निर्णय 03 अक्टूबर 2026 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा की गई घोषणा के परिपालन में लिया गया है। पूर्व में यह घटक प्रदेश की मूल गोवंशीय नस्ल एवं भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों हेतु पुरस्कार योजना के नाम से संचालित था।

यह योजना पूर्णतः राज्य सहायित पुरस्कार स्वरूप योजना है। इस योजना की स्वीकृति मंत्री-परिषद द्वारा दी जाएगी तथा यह वर्ष 2026-27 से वर्ष 2030-31 तक संचालित होगी। योजना की प्रस्तावित लागत 23.50 करोड़ रुपये है।

खास बातें

  • योजना की प्रस्तावित लागत 23.50 करोड़ रुपये है।
  • योजना के तहत प्रदेश के समस्त विधानसभा क्षेत्रों के चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
  • प्रतियोगिता में वृंदावन ग्राम के ऐसे सभी वर्ग के पशुपालक पात्र होंगे जिनके पास भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय है जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर अथवा उससे अधिक हो।

योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक वृंदावन ग्राम में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक गायों की पहचान करना तथा पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करना है। इसके माध्यम से गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी सहित अन्य उन्नत अधिसूचित स्वदेशी नस्लों का संवर्धन कर वृंदावन ग्रामों को दुग्ध उत्पादन एवं देशी पशुधन संवर्धन के आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

योजना के तहत प्रदेश के समस्त विधानसभा क्षेत्रों के चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में वृंदावन ग्राम के ऐसे सभी वर्ग के पशुपालक पात्र होंगे जिनके पास भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय है जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर अथवा उससे अधिक हो। इच्छुक पशुपालकों को आवेदन फार्म के माध्यम से अपने पशु का पंजीयन कराना होगा, जिसमें पशुपालक का नाम, पता, पशु का यूआईडी या ईयर टैग नंबर, नस्ल, आयु, ब्यात संख्या, ब्यात तिथि, दुग्ध उत्पादन एवं स्वास्थ्य विवरण दर्ज किया जाएगा। संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा पशु की पहचान एवं स्वास्थ्य का सत्यापन किया जाएगा।

प्रतियोगिता के क्रियान्वयन हेतु विकासखण्ड स्तर पर अनुभाग अधिकारी राजस्व तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समिति गठित की जाएगी। यह समिति आवेदनों का संकलन, परीक्षण एवं प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। प्रतियोगिता में सम्मिलित गायों के तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर विजेता का चयन किया जाएगा। दुग्ध मापन प्रक्रिया को पारदर्शी रखने हेतु विभागीय कर्मचारी, दुग्ध समिति अथवा मान्य दुग्ध संग्रहण केन्द्र की सहायता ली जा सकेगी। विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता के परिणाम जिला उपसंचालक पशुपालन को प्रेषित किये जायेंगे।

जिला स्तर पर कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं उपसंचालक पशुपालन की समिति द्वारा परिणामों के आधार पर विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला उपसंचालक द्वारा संकलित परिणाम संचालक पशुपालन एवं डेयरी को भेजे जायेंगे। निर्धारित अवधि में सत्यापित सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले पशु को विजेता घोषित किया जायेगा। यदि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर दो पशुओं का दुग्ध उत्पादन समान होता है तो जिन पशुओं के तीनों समय के दुग्ध उत्पादन में अंतर कम होगा तथा जो कम ब्यात एवं कम उम्र के होंगे उन्हें वरीयता दी जाएगी। विवाद की स्थिति में ब्लॉक स्तरीय समिति का निर्णय अंतिम होगा।

योजना के तहत प्रत्येक वृंदावन ग्राम के श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय पालने वाले पशुपालक को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।