जिले में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में सभी ब्लॉकों के क्लस्टर गांवों में विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल संचालन के लिए श्रम विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहयोगी विभाग के रूप में शामिल हैं। मैदानी स्तर पर पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं घर-घर पहुंचकर संभावित हितग्राहियों को शिविरों तक ला रहे हैं और उनका पंजीयन सुनिश्चित करा रहे हैं। भारत सरकार की इस कल्याणकारी योजना के तहत 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले महिला एवं पुरुष श्रमिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पंजीकृत हितग्राही अपनी इच्छानुसार 40 वर्ष की आयु तक नियमित प्रीमियम का भुगतान करेंगे, जिसके पश्चात 60 वर्ष की उम्र पूरी होने पर उन्हें जीवनभर प्रति माह 3 हजार रुपए की पेंशन प्राप्त होगी। जिले में चलाए जा रहे इस अभियान को ग्रामीणों में भरपूर उत्साह है, जिसके फलस्वरूप बीते दिवस आयोजित शिविर में 94 तथा आज के शिविर में 210 हितग्राहियों का सफलता पूर्वक पंजीयन किया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत आयोजित शिविरों में पहुंचकर पंजीयन की निगरानी कर रहे हैं।


