महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आईसीडीएस शहरी-3 जबलपुर द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। इसके तहत आज आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-15 एवं 16 के 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को निकटतम प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पोलिपाथर का एक्सपोजर भ्रमण कराया गया।

इस शैक्षणिक भ्रमण में बच्चों के अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता दर्ज की, जिससे बच्चों में उत्साह का भाव बना रहा। विद्यालय प्रांगण में पहुँचने पर संस्था के प्राचार्य द्वारा सभी छोटे बच्चों का स्वागत चॉकलेट देकर किया गया। प्राचार्य की इस आत्मीयता और स्वागत से नन्हें-मुन्ने बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने बच्चों को शाला परिसर का भ्रमण कराया और उन्हें प्राथमिक शिक्षा की गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी से प्राथमिक शाला में बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया को सहज बनाना और उनके मन से स्कूल के प्रति झिझक को दूर करना रहा।