कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर ने बताया कि जिले में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा कोई भी पात्र नागरिक पंजीयन से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बताया कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों, दूरस्थ ग्रामों एवं फलियों तथा रोजगार एवं अन्य कारणों से बाहर रहने वाले नागरिकों को ध्यान में रखते हुए अभियान को केवल मतदान केन्द्र तक सीमित न रखते हुए घर-घर एवं फलीया स्तर तक संचालित किया जाएगा।

खास बातें

  • आवश्यकता अनुसार दूरस्थ फलियों में BLO एवं मैदानी कर्मचारियों की टीम पहुंचकर पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने में सहायता करेगी।
  • निर्धारित विशेष अभियान दिवसों पर मतदान केन्द्रों में भी BLO उपस्थित रहेंगे तथा नवीन पंजीयन सहित अन्य आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराएंगे।
  • कलेक्टर ने बताया कि जिले के महाविद्यालयों, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, आईटीआई एवं छात्रावासों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के तहत प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा निर्धारित पात्रता तिथि के अनुसार पात्र नागरिकों का चिन्हांकन करेंगे। विशेष रूप से 18–19 आयु वर्ग के नवीन मतदाताओं, महिलाओं, नवविवाहित महिलाओं, दिव्यांगजनों, दूरस्थ फलियों में निवासरत नागरिकों तथा रोजगार एवं मजदूरी के कारण बाहर रहने वाले पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक BLO अपने क्षेत्र के ग्राम एवं फलियों की सूची तैयार कर यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी फलीया सर्वे एवं संपर्क से न छूटे। आवश्यकता अनुसार दूरस्थ फलियों में BLO एवं मैदानी कर्मचारियों की टीम पहुंचकर पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने में सहायता करेगी। निर्धारित विशेष अभियान दिवसों पर मतदान केन्द्रों में भी BLO उपस्थित रहेंगे तथा नवीन पंजीयन सहित अन्य आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराएंगे।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के महाविद्यालयों, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, आईटीआई एवं छात्रावासों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। संस्था प्रमुख पात्र विद्यार्थियों के चिन्हांकन में सहयोग करेंगे, ताकि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो अथवा उसका आवेदन प्राप्त किया जा सके। साथ ही नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन करने एवं मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र युवाओं को भी मतदाता पंजीयन के लिए प्रेरित करें।