कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला नरसिंहपुर के वार्षिक खेल कैलेंडर सत्र 2026-27 के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय शालेय योगासन प्रतियोगिता (अंडर- 14, 17 एवं 19 बालक-बालिका) का आयोजन सोमवार को स्थानीय अशासकीय क्रेयॉन इंटरनेशनल स्कूल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वीरभद्रासन, पद्मासन, वज्रासन, पश्चिमोत्तानासन, गोमुखासन, भुजंगासन, धनुरासन, सर्वांगासन, हलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन जैसे योगासन अत्यंत कुशलता एवं संतुलन के साथ प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा के मार्गदर्शन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुश्री सीमा डोंगरे के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में विकासखंड खेल प्रभारी श्री सत्यप्रकाश ढिमोले, क्रेयॉन इंटरनेशनल स्कूल की डायरेक्टर सुश्री दीपिका उपाध्याय, प्राचार्य डॉ. वर्षा सीजू, पीटीआई श्री अजय सोनी, श्री मधुसूदन पटैल, श्री शहजाद बेग, श्री यूनिस हुसैन एवं श्री रोहित कीर सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विदित हो कि जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अनुज जैन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके अनुरूप यह आयोजन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।




