राज्य शासन के निर्देशानुसार और कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के मार्गदर्शन में जिले "नशे से दूरी है जरूरी 2.0 " अभियान संचालित किया जा रहा है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा नरसिंहपुर के सुभाष पार्क में प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान नवयुवकों एवं श्रमिक वर्ग को जागरूक करने के लिए कठपुतली शो एवं नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ा। प्रस्तुतियों के जरिए यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि परिवार और समाज के भविष्य को भी प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद नवयुवकों, श्रमिकों एवं आमजन ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। " नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत आयोजित ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशामुक्त वातावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।




