महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा अंतिम चयन सूची जारी की गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती संजीता भगत द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अनंतिम रूप से चयनित आवेदिकाओं के विरुद्ध प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण जिला स्तरीय चयन समिति की 22 अक्टूबर 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार किया गया। इसके पश्चात चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया गया है।

जारी सूची के अनुसार पुष्पराजगढ़ परियोजना के बधार सेक्टर अंतर्गत पटना आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता पद पर श्रीमती कमलेश्वरी यादव पति श्री दिनेश यादव तथा कोतमा परियोजना के कोठी सेक्टर अंतर्गत कोठी-96 आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता पद पर श्रीमती सुधा प्रजापति पति श्री अशोक कुमार प्रजापति का अंतिम रूप से चयन किया गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा संबंधित परियोजना अधिकारियों को अंतिम सूची जारी होने के दो दिवस के भीतर नियुक्ति आदेश जारी कर कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।