मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित शक्ति से सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम परसोडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीण महिलाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे के मार्गदर्शन में किया गया।

इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे ने ग्रामीण महिलाओं एवं समिति सदस्यों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री श्याम दलवी, श्री मंगेश गजभिए, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार मानकर, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्रीमती अनुसूइयाबाई उइके सहित समिति के अन्य सदस्य एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।