शक्ति की उपासना और आराधना के महापर्व ‘शारदीय नवरात्रि’ के पावन अवसर पर मध्‍यप्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन - आगर - मालवा के सहयोग से आज 14 अक्‍टूबर, 2026, बुधवार को ‘शक्ति पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सुप्रतिष्ठित आयोजन में विविध कलाओं के माध्‍यम से प्रदेश एवं देश के सुविख्‍यात कलाकार शक्ति के स्‍वरूपों एवं उनसे जुड़ें आख्‍यानों पर केन्द्रित सांस्‍कृतिक प्रस्‍तुतियां देंगे। कार्यक्रम सायं 6:30 बजे से प्रारंभ होगा एवं प्रवेश नि:शुल्‍क रहेगा। संचालक, संस्‍कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भव्‍य एवं दिव्‍य शक्ति पर्व का आयोजन किया जा रहा है।

भारतीय संस्‍कृति में निहित शक्ति के महत्‍व एवं महानता को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्‍य से यह आयोजन माँ बगलामुखी माता मंदिर, नलखेड़ा (जिला – आगर मालवा) में आज 14 अक्‍टूबर, 2026, बुधवार को सायं 6:30 बजे से किया जा रहा है। शक्ति पर्व में सर्वप्रथम भक्ति गायन की प्रस्‍तुति होगी, जिसे मोक्ष बैण्‍ड (सुनील पाण्‍डेय), भोपाल द्वारा प्रस्‍तुत किया जाएगा। इसके बाद माँ आदिशक्ति नृत्‍य नाटिका का प्रदर्शन होगा। इसे सुश्री प्रियंका जोशी एवं साथी, भोपाल द्वारा प्रस्‍तुत किया जाएगा। अंत में भक्ति गायन की प्रस्‍तुति होगी, जिसे सुश्री भारती विश्‍व‍नाथन एवं साथी, भोपाल द्वारा प्रस्‍तुत किया जाएगा।