उमरिया 31 जुलाई - शहडोल संभाग की आयुक्त श्रीमती सुरभी गुप्ता एवं कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की गरिमामयी उपस्थिति में पाली विकासखंड के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में आरोही सोनी एवं आफ्रीम का जन्मदिन हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बच्चों के साथ केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त एवं कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव हैं और यहां ऐसा स्नेहपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, जिससे प्रत्येक बच्चा स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और प्रसन्न महसूस करे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अनुविभगीय पाली मीनाक्षी इंगले, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग दिव्या गुप्ता सहित खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



