29 यूनिट रक्त संग्रहित उमरिया 30 जुलाई। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, ताला में पर्यावरण संरक्षण एवं मानव सेवा का संदेश देते हुए विविध जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 32 रक्तदाताओं का पंजीयन किया गया, जिनमें से 29 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय, जिला चिकित्सालय उमरिया के ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. मुकुल तिवारी, वीरेंद्र शर्मा, विनीत साहू, प्रेमप्रकाश यादव, राजकुमार यादव सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर सिविल सर्जन डॉ. के. सी. सोनी के निर्देशन में जिला रक्त केंद्र, उमरिया की टीम द्वारा आयोजित किया गया। शिविर का संचालन एवं समन्वय ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. मुकुल तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।
रक्तदान उपरांत सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान के समान है। साथ ही भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी रक्तदान शिविरों का नियमित आयोजन किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
विश्व बाघ दिवस के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डॉ अनुपम सहाय ने स्वयं रक्तदान किया एवं वन्यजीव संरक्षण के संदेश के साथ-साथ मानव सेवा की भावना को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायक संदेश समाज तक पहुँचा।






