कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा करेली क्षेत्र में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीएम श्री कन्या शाला, संदीपनी विद्यालय तथा बरमान चौराहा पर आकर्षक कठपुतली एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से मंचित कर विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पुलिस विभाग करेली, नगर पालिका करेली, विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। यह जनजागरूकता अभियान समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल साबित हो रहा है।






