कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना” के अंतर्गत ओंकार इंटरनेशनल स्कूल की किशोरी बालिकाओं के लिए एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान बालिकाओं को विभिन्न शासकीय एवं सामाजिक संस्थानों का अवलोकन कराया गया, जिससे उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा एवं सहायता तंत्र से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सके।

भ्रमण की शुरुआत वन स्टॉप सेंटर, मुरैना से हुई, जहां बालिकाओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के साथ-साथ 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली आश्रय, पुलिस सहायता, विधिक सहायता एवं परामर्श जैसी सेवाओं से भी अवगत कराया गया।

खास बातें

  • उन्हें वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली आश्रय, पुलिस सहायता, विधिक सहायता एवं परामर्श जैसी सेवाओं से भी अवगत कराया गया।
  • भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव बताया।
  • कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक एवं उनका स्टाफ, ओंकार इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य श्री विनोद कुशवाह तथा विद्यालय की महिला खेल शिक्षिका उपस्थित रहीं।

इसके बाद बालिकाओं ने महिला थाना का भ्रमण किया, जहां थाना प्रभारी श्रीमती नेहा शर्मा ने उन्हें महिला थाना की कार्यप्रणाली एवं महिला सुरक्षा शाखा की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों का अभिलेखीकरण एवं निगरानी इसी शाखा के माध्यम से की जाती है।

साथ ही संकट, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं संबंधित संस्थाओं से संपर्क करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। भ्रमण के अगले चरण में बालिकाओं ने अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय का अवलोकन किया, जहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के जीवन तथा उनके योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त की।

एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य बालिकाओं को विभिन्न शासकीय एवं सामाजिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनके ज्ञान का विस्तार करना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध संसाधनों के प्रति जागरूक बनाना था। भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव बताया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक एवं उनका स्टाफ, ओंकार इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य श्री विनोद कुशवाह तथा विद्यालय की महिला खेल शिक्षिका उपस्थित रहीं।