बालिकाओं एवं युवतियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2026 को शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में आयोजित रोजगार शिविर के दौरान पिंक ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाया गया। इसमें 35 प्रतिभागियों के निःशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए गए।जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र कुमार सुन्दर्याल के मार्गदर्शन में आयोजित पांच दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर बालाघाट ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा परिवहन विभाग के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया। शिविर में बालिकाओं एवं युवतियों को मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि वे स्वयं इस सुविधा का लाभ उठा सकें।जनजागरूकता अभियान के तहत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट में भी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बालिकाओं एवं युवतियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। विभाग द्वारा इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।