प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 01 नवम्बर 2026 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई है।

इस संबंध में जारी आदेशानुसार जिला मुख्यालय पर स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां, जिला उत्पादों का प्रदर्शन एवं जिले में हुए उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी का आयोजन किया जावेगा। जिला स्तर पर होने वाले समस्त कार्यक्रमों की तैयारियों से जिले के प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान को अवगत कराया जाकर उनके परामर्श अनुसार कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जावेगा। जिला मुख्यालय पर स्थित समस्त शासकीय भवनों पर 01 नवम्बर की रात्रि में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जावेगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय प्रमुख की रहेगी।

समारोह में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, उद्योगपति, समाजसेवी, धर्मगुरु, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मीसाबंदी एवं शहीद सैनिकों के परिजन तथा स्व-सहायता समूह एवं स्टार्टअप के पदाधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जावेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 02 नवम्बर 2026 को शाम 07 बजे मांगलिक भवन, कंपनी गार्डन के पीछे, कान्वेंट रोड, आगर में किया जावेगा। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कुशल सिंह डोडवे को नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य सीएम राईज स्कूल श्री संजीव उपाध्याय को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।