आगामी सिंहस्थ 2028 उज्जैन के दृष्टिगत व्यवस्थाओं को समय पर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने गुरुवार को सुसनेर क्षेत्र का भ्रमण कर होल्डिंग एरिया के संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आगर-सुसनेर मुख्य मार्ग पर सुसनेर से 7 किलोमीटर पूर्व, टोल प्लाजा के समीप स्थित भूमि का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम आंकली स्थित स्टेडियम परिसर के बाहर एवं पीछे उपलब्ध भूमि का भी सिंहस्थ के दौरान होल्डिंग एरिया बनाए जाने हेतु निरीक्षण किया। अधिकारियों से विस्तृत चर्चा के उपरांत उन्होंने इस स्थान को होल्डिंग एरिया के लिए उपयुक्त बताया।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं एवं वाहनों के ठहराव हेतु लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग क्षमता के साथ होल्डिंग एरिया विकसित किया जाए। होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं के लिए बिजली, पेयजल, छाया एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंकली स्टेडियम के बाहर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से स्थापित गुमटियों, अस्थाई होटल एवं ढाबों को तत्काल हटाने के निर्देश तहसीलदार सुसनेर को दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग के दोनों ओर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने सोयतकलां के डूंगरगांव, राजस्थान सीमा पर स्थित टोल प्लाजा चेकपोस्ट पर सिहस्थ के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया बनाने के लिए स्थल का मौका मुआयना किया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम सुश्री देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव,, जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री जगदीश चंद्र मालवीय,थाना प्रभारी श्री अक्षय सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।