कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निवास क्षेत्र स्थित जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल घुघरा वॉटरफॉल का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं संभावित पर्यटन विकास की संभावनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि घुघरा वॉटरफॉल मंडला का एक प्रमुख प्राकृतिक आकर्षण है, जिसे पर्यटन हब के रूप में विकसित किए जाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने इस दिशा में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक विकास कार्य किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही वॉटरफॉल क्षेत्र को ट्रैकिंग प्वाइंट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।

उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर मजबूत रैलिंग लगाने, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी एवं मार्गदर्शक सूचना बोर्ड स्थापित करने तथा आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। वर्षाकाल के दौरान बढ़ने वाले जलस्तर एवं फिसलन को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने और पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं विकसित होने से घुघरा वॉटरफॉल में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसडीएम श्री सीएल वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।