सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर नेत्र चिकित्सा एवं जांच शिविर आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ‘ सेवा मेरा योगदान ’, ‘ सेवा सेतु ’ एवं ‘ सरकार आपके द्वार ’ कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
रतलाम शहर में गोमाबाई नेत्रालय के तत्वावधान में श्री हेमंत राहोरी, रोगी कल्याण समिति सदस्य के सहयोग से बाबा रामदेव धर्मशाला, गौशाला रोड पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय रतलाम की डॉ. रिनाज खान द्वारा लगभग 500 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। इस दौरान जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय सहित विभिन्न समाजसेवी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बिरमावल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर इप्का के सौजन्य से नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम सुंदर गुप्ता, डॉ. मनीष गुप्ता, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अदिति गजभिए तथा नेत्र चिकित्सा सहायक श्री आनंदीलाल पाटीदार द्वारा सेवाएं दी गईं। चिकित्सा अधिकारी बिरमावल डॉ. रविन अलावा एवं स्टॉफ ने शिविर में सहयोग किया। शिविर में 52 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 19 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैलाना में भागीरथ रूरल अवेयरनेस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में 45 लोगों की नेत्र जांच एवं चिकित्सा देखभाल की गई। शिविर के दौरान डॉ. शैलेश डांगे, बीईई श्री कैलाश यादव सहित विभिन्न चिकित्सा एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिविल अस्पताल जावरा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खारवा कला एवं बाजना में भी नेत्र रोग जांच एवं परीक्षण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन शिविरों में नेत्र चिकित्सा सहायक श्री के.एस. चौहान द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आमजन को निःशुल्क नेत्र जांच एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।





